कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, कांवड़ मार्गों और शिविरों में बढ़ाई निगरानी
साहिल अंसारी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की लगातार गश्त
हापुड़। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हापुड़ पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में कांवड़ मार्गों, शिविरों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में थाना हापुड़ नगर पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस टीम कांवड़ मार्गों पर लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही है। इसके साथ ही कांवड़ शिविरों और धार्मिक स्थलों के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य कांवड़ यात्रियों और स्थानीय श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
पुलिस द्वारा संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में भी लगातार गश्त की जा रही है। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना उच्चाधिकारियों को देने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए भी पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस ने लोगों से भी यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
Comments
Post a Comment