कांवड़ियों की सुरक्षा पर प्रशासन की पैनी नजर, डीएम-एसपी ने नियंत्रण कक्ष में सीसीटीवी कैमरों की जांच कर दिए निर्देश
साहिल अंसारी
कांवड़ यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी से निगरानी, संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखने के निर्देश
हापुड़। श्रावण कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गुरुवार को जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने जिला नियंत्रण कक्ष पहुंचकर कांवड़ यात्रा मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने नियंत्रण कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग और फुटेज की जांच कर निगरानी व्यवस्था को परखा।
डीएम और एसपी ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी की स्थिति देखी। इस दौरान प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों और कांवड़ियों की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने नियंत्रण कक्ष में तैनात पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों से कैमरों की स्थिति, रिकॉर्डिंग तथा निगरानी व्यवस्था की जानकारी भी ली।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाए। किसी भी स्थान पर संदिग्ध गतिविधि, अव्यवस्था या यातायात संबंधी समस्या नजर आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दी जाए और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कैमरों के संचालन में किसी तरह की तकनीकी समस्या आने पर उसे तत्काल दूर कराने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। यात्रा मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन पर भी लगातार नजर रखने को कहा गया।
अधिकारियों ने नियंत्रण कक्ष में मौजूद कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से यात्रा मार्गों पर निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के साथ किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई पर जोर दिया गया।
Comments
Post a Comment