आधी रात सोती दो बहनों पर तेजाब से हमला, चीख-पुकार से मचा हड़कंप; गंभीर हालत में मेरठ रेफर, एक आरोपित हिरासत में

साहिल अंसारी

 हापुड़ : सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव माधापुर में शनिवार देर रात घर में सो रही दो बहनों पर तेजाब से हमला किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। अचानक हुए हमले में दोनों बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं। चीख-पुकार सुनकर स्वजन की नींद खुली तो घर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार माधापुर गांव निवासी दोनों बहनें शनिवार रात करीब डेढ़ बजे घर में सो रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनके ऊपर तेजाब फेंक दिया। अचानक हुए हमले से दोनों बहनें चीखने लगीं। उनकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए। कुछ ही देर में आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में भी हड़कंप मच गया। स्वजन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायल बहनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए दोनों को बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू किए।

पुलिस के अनुसार मामले में एक आरोपित को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपित का दोनों बहनों से क्या संबंध है और उसने किस कारण से वारदात को अंजाम दिया, इन बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। वारदात को लेकर ग्रामीणों में रोष है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल