हापुड़ में विहिप की दो दिवसीय प्रांत बैठक शुरू, हिंदू परिवारों की मजबूती और संगठन विस्तार पर हुआ मंथन
जगदीश मकान
हापुड़। मोदीनगर रोड स्थित सरस्वती बाल विद्या मंदिर में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) मेरठ प्रांत की दो दिवसीय प्रांत बैठक का शुभारंभ हुआ। केंद्रीय गौरक्षा प्रमुख एवं केंद्रीय मंत्री दिनेश उपाध्याय, क्षेत्र संगठन मंत्री मुकेश विनायक, प्रांत अध्यक्ष सुशील जैन, प्रांत मंत्री राजकुमार डूंगर और प्रांत संगठन मंत्री अरुण पांचजन्य ने दीप प्रज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया।
प्रथम सत्र में केंद्रीय मंत्री दिनेश उपाध्याय ने केंद्रीय बैठक में पारित तीन प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की। इनमें हिंदू परिवारों को अक्षुण्ण बनाए रखने, स्वामी लक्ष्मणानंद की हत्या से संबंधित जांच रिपोर्ट गायब होने और स्वामी रविदास के 650वें प्रकटोत्सव कार्यक्रम से जुड़े विषय शामिल रहे। इसके बाद क्षेत्र संगठन मंत्री मुकेश विनायक ने संगठन के कार्य, कार्यकर्ताओं की भूमिका और कार्यक्षेत्र के संबंध में जानकारी दी।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी मंथन किया गया। पूज्य अशोक सिंघल के जन्मशताब्दी वर्ष कार्यक्रम, हित चिंतक अभियान, गोपाष्टमी, दुर्गाष्टमी, अखंड भारत संकल्प दिवस, विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस, शौर्य दिवस यात्रा और धर्म रक्षा दिवस सहित विभिन्न कार्यक्रमों की समिति स्तर तक योजना तैयार कराई गई।
प्रांत संगठन मंत्री अरुण पांचजन्य ने अशोक सिंघल के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर तीन से पांच दिन की विस्तारक कार्यकर्ता योजना की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दायित्वों के प्रति जागरूक किया। प्रांत मंत्री राजकुमार डूंगर ने पिछले छह माह में किए गए कार्यों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कराई।
बैठक में प्रांत भर से आए प्रांत एवं जिला प्रतिनिधियों ने अपने-अपने जिलों का वृत्त निवेदन प्रस्तुत किया। साथ ही आगामी कार्यक्रमों को लेकर योजनाएं बनाई गईं। इस अवसर पर क्षेत्र धर्म प्रसार प्रमुख यशपाल, छाया बहन, जितेंद्र चौधरी, अमित जिंदल, मनोज सिरोही, अनूप सहित प्रांतीय अधिकारी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment