धर्मशाला में युवक से गाली-गलौज के बाद मारपीट, दो युवकों पर गंभीर आरोप; सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो बाबूगढ़ पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

साहिल अंसारी
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के छपकौली मंदिर परिसर स्थित लालपुर गांव की धर्मशाला में युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि दो युवकों ने शराब के नशे में उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की और हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छपकौली गांव निवासी विपिन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 अगस्त की रात करीब 10 बजे वह छपकौली मंदिर के पास लालपुर गांव की धर्मशाला में बैठा था। इसी दौरान लालपुर निवासी अंकित और सीतादेई निवासी गुरमुख वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों शराब के नशे में थे और बिना किसी बात के उसके साथ गाली-गलौज करने लगे।

विपिन के अनुसार, विरोध करने पर दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि दोनों ने हाथ-पैर तोड़ने की बात कहते हुए उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। मारपीट में उसे चोटें आईं। घटना के बाद वह घबरा गया और तत्काल थाने नहीं पहुंच सका। बाद में परिजनों के साथ थाना बाबूगढ़ पहुंचकर उसने पुलिस को तहरीर दी।

बताया गया कि घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल