घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला, पति की टांग तीन जगह टूटी
हापुड़। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के वझीलपुर गांव में घर में घुसकर एक व्यक्ति के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमले में व्यक्ति की दाहिनी टांग तीन जगह से टूट गई। घायल का मेरठ के अस्पताल में उपचार कराया गया। पीड़िता ने अब संपूर्ण समाधान दिवस अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव वझीलपुर निवासी सोनम पत्नी अंशु ने दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 27 जुलाई की शाम करीब साढ़े तीन बजे ऋषि पुत्र झिलमिल उर्फ गणपत और राजेश्वरी पत्नी झिलमिल उर्फ गणपत हाथों में लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। पति अंशु ने गाली देने से मना किया तो ऋषि ने उसकी दाहिनी टांग पर लाठी से वार कर दिया। इसके बाद राजेश्वरी ने भी डंडे से उसी टांग पर हमला किया।
पीड़िता के अनुसार, मारपीट में उसके पति की दाहिनी टांग तीन जगह से टूट गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि लोगों को आता देखकर दोनों आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
सोनम ने बताया कि वह घायल पति को उपचार के लिए गढ़ रोड स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया। बाद में उपचार के लिए उन्हें मेरठ के मेडीवीर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद 31 जुलाई को डिस्चार्ज किया गया।
पीड़िता का आरोप है कि घटना वाले दिन ही हापुड़ देहात थाने में सूचना देने के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और कोई कार्रवाई नहीं की। अब उसने संपूर्ण समाधान दिवस अधिकारी से आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।
Comments
Post a Comment