मिठाई की दुकानों पर खाद्य विभाग का छापा, चार नमूने जांच को भेजे


साहिल अंसारी

गढ़ चौपला में पंडित जी, बालाजी, आकाशदीप और जानू स्वीट्स पर पहुंची टीम; लड्डू, रसगुल्ला, बत्तीसा और सोनपपड़ी के नमूने जांच को भेजे

जागरण संवाददाता, हापुड़। खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को गढ़मुक्तेश्वर के गढ़ चौपला स्थित मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की। टीम ने चार दुकानों से अलग-अलग मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में सचल दल ने कार्रवाई की। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार के अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सिंह, आरपी गुप्ता और सोवेंद्र सिंह पंघाल शामिल रहे।

अधिकारियों ने गढ़ चौपला स्थित पंडित जी स्वीट्स पर औचक छापा मारकर बेसन के लड्डू का नमूना संग्रहित किया। इसके बाद बालाजी स्वीट्स से बंगाली रसगुल्ला, आकाशदीप स्वीट्स से बत्तीसा और जानू स्वीट्स से सोनपपड़ी का नमूना लिया गया।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में भी मिठाई समेत अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों पर जांच और नमूना संग्रह की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत