बस रूट पर वर्चस्व को लेकर बवाल, स्कार्पियो सवारों ने बस रोककर परिचालक पर किया फायर, मारपीट के बाद पर्स छीनकर फरार


सोनू मसूदी

हापुड़। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र में हापुड़-बुलंदशहर रोड स्थित बाईपास के पास बस रूट को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि स्कार्पियो सवार चार लोगों ने बस को रोककर परिचालक के साथ मारपीट की और तमंचे से फायर किया। फायरिंग में परिचालक बाल-बाल बच गया। आरोपित परिचालक का पर्स भी छीनकर फरार हो गए। पर्स में करीब 5,800 रुपये और जरूरी दस्तावेज बताए गए हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के गांव राधना निवासी जैद साहिल बस सर्विस की बस संख्या UP 15 HT 8854 पर परिचालक है। उसने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन अगस्त को बस हापुड़-बुलंदशहर रोड स्थित बाईपास के पास पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से आई सफेद रंग की स्कार्पियो सवार लोगों ने बस को रोकने के लिए फायरिंग की।

आरोप है कि इसी दौरान ब्लू स्काई की बस संख्या BR 28 P 3666 के चालक ने अपनी बस आगे निकालकर उसके सामने लगा दी। इसके बाद स्कार्पियो संख्या UK 17Y 4555 से चार लोग उतरकर बस में चढ़ गए। पीड़ित ने तहरीर में आरिफ और शाहरुख निवासी देहपा, ताहिर निवासी स्याना और अनवार निवासी राधना के नाम बताए हैं।

जैद के अनुसार, आरोपितों ने बस के रूट को लेकर विवाद करते हुए कहा कि इस रूट पर जाहिद स्याना वालों की बस ही चलेगी। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए तमंचे से उस पर फायर किया गया। वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपितों ने सरिया और राड से उसके तथा वजाहत के साथ मारपीट की।

आरोप है कि इसी दौरान परिचालक का पर्स भी छीन लिया गया। पर्स में सवारियों के किराये के करीब 5,800 रुपये, पैन कार्ड और आधार कार्ड रखे थे। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आरोपित जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित बस लेकर हापुड़ देहात थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत