बहला-फुसलाकर युवती को ले जाने का आरोप, युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सोनू मसूदी
हापुड़। हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव सरावा में 21 वर्षीय युवती को गांव का ही युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। युवती के पिता ने आरोपी पर पुरानी रंजिश के चलते बेटी को जबरन ले जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में युवती के पिता ने बताया कि गांव निवासी विष्णु पुत्र देशराज पर पूर्व में उनकी छोटी बेटी के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगा था। इस संबंध में हापुड़ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। आरोप है कि मुकदमे के बाद से विष्णु और उसके स्वजन परिवार को धमकी देते आ रहे थे कि उनकी बड़ी बेटी तनु को घर से उठा ले जाएंगे।
तहरीर के मुताबिक, तीन अगस्त को दोपहर करीब एक बजे तनु घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान विष्णु घर पहुंचा और युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पिता का कहना है कि गांव के एक व्यक्ति ने युवती को आरोपी के साथ जाते हुए देखा है। परिजनों ने युवती की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद छह अगस्त को पिता ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर विष्णु के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक जगतपाल को सौंपी गई है। पुलिस युवती की बरामदगी के प्रयास के साथ घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment