पानी भरे रास्ते में युवक से गाली-गलौज के बाद मारपीट, लोहे की रॉड से किया हमला; लहूलुहान हालत में पहुंचा थाने, चार पर केस


सोनू मसूदी

हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला इंद्रगढ़ी में पानी भरे रास्ते से निकल रहे युवक पर चार लोगों ने गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में युवक की नाक और सिर में गंभीर चोट आई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
आवास विकास कालोनी, बुलंदशहर रोड निवासी शुऐब ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार अगस्त की दोपहर करीब 2:30 बजे वह भैंस बेचकर घर लौट रहा था। इंद्रगढ़ी के रास्ते में पानी भरा होने के कारण वह और अन्य सवारियां रास्ते में उतर गईं। इसी दौरान सामने से फैजान निवासी मेरठ गेट पुलिस चौकी क्षेत्र, अय्या, जुनैद निवासी कंजरों वाला कोटला और एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे।
 
आरोप है कि चारों ने शुऐब के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान अय्या ने लोहे की रॉड से उसके सिर और नाक पर वार कर दिया। चोट लगने से शुऐब लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए।
 
घटना के बाद शहजाद निवासी कोटला मेवातियान और जीशान निवासी कोटला मेवातियान ने घायल शुऐब को थाने पहुंचाया। पुलिस ने उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद से वह और उसका परिवार भयभीत है। तबीयत में कुछ सुधार होने के बाद उसने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
 
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत