छपकोली मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने संभाली कमान, पुलिस टीम पूरी तरह मुस्तैद
साहिल अंसारी
बाबूगढ़। सावन माह में छपकोली मंदिर में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाबूगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस टीम के साथ मंदिर परिसर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सावन के चलते प्रतिदिन बड़ी संख्या में शिवभक्त छपकोली मंदिर पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मंदिर परिसर के साथ ही आसपास के मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है। थाना प्रभारी ने टीम के साथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो और भीड़ के दौरान व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
पार्किंग व्यवस्था भी कराई दुरुस्त
मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की बेहतर व्यवस्था कराई गई है। वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा कराया जा रहा है, जिससे मंदिर के आसपास जाम की स्थिति न बने। पुलिस टीम लगातार वाहनों की आवाजाही और पार्किंग व्यवस्था पर नजर रख रही है।
संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि सावन माह में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पुलिसकर्मियों को लगातार गश्त करने, भीड़ पर नजर रखने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना लेने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीम मंदिर परिसर में मुस्तैद है।
Comments
Post a Comment