पक्का बाग में पैथोलॉजी लैब पर छापा, पंजीकरण के कागजात नहीं दिखा सका संचालक; दो दिन का नोटिस



सोनू मसूदी

स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से अवैध लैब संचालकों में मचा हड़कंप, दस्तावेज नहीं देने पर होगी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई

हापुड़। जिले में बिना पंजीकरण और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित हो रही पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम ने पक्का बाग क्षेत्र स्थित निशांत पैथोलॉजी लैब पर अचानक छापा मारा। टीम के पहुंचते ही लैब संचालक में खलबली मच गई। अधिकारियों ने लैब के संचालन से संबंधित पंजीकरण, मानकों और अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन संचालक मौके पर कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसे कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि लैब संचालक को अपनी सफाई के साथ पंजीकरण और संचालन से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए अथवा संचालक का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो विभाग की ओर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मरीजों की सेहत से खिलवाड़ पर सख्ती

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पैथोलॉजी लैब की जांच रिपोर्ट मरीज के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में बिना वैध पंजीकरण, निर्धारित मानकों और योग्य विशेषज्ञों के संचालित होने वाली लैब से गलत रिपोर्ट मिलने की आशंका रहती है। गलत रिपोर्ट के आधार पर उपचार होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसी कारण विभाग की ओर से ऐसी लैबों की जांच को गंभीरता से लिया जा रहा है।

आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान

सीएमओ ने स्पष्ट किया कि जिले में नियमों का उल्लंघन कर संचालित होने वाले किसी भी मेडिकल संस्थान, क्लीनिक या पैथोलॉजी लैब को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की टीमें लगातार जांच कर रही हैं और अनियमितता मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निशांत पैथोलॉजी लैब पर हुई कार्रवाई के बाद अन्य लैब संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी लैब में जांच कराने से पहले उसके पंजीकरण और आवश्यक मानकों की जानकारी अवश्य कर लें।

Comments

Popular posts from this blog

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत