ड्यूटी के साथ सेवा का फर्ज निभा रही हाफिजपुर पुलिस, तपती धूप में कांवड़ियों को ठंडा पानी और प्राथमिक उपचार देकर पहुंचाई राहत



संवाददाता,
साहिल अंसारी

 हापुड़। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिसकर्मी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के साथ शिवभक्तों की सेवा में भी जुटे हैं। रविवार को हाफिजपुर थाना प्रभारी अरविंद चौधरी और हल्का प्रभारी संजीव कुमार ने चिलचिलाती धूप में पैदल गुजर रहे कांवड़ियों की मदद कर मानवीय पहल की। पुलिसकर्मियों ने शिवभक्तों को ठंडे पानी की बोतलें वितरित कीं। वहीं पैरों में छाले और चोट से परेशान कांवड़ियों के पैरों में पट्टी बांधकर जरूरत के अनुसार दवाई भी लगाई।

कांवड़ यात्रा के चलते बुलंदशहर रोड से बड़ी संख्या में शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। तेज धूप और उमस के बीच पैदल यात्रा कर रहे कांवड़ियों को राहत देने के लिए पुलिसकर्मियों ने अपने स्तर से ठंडे पानी की व्यवस्था की। रास्ते से गुजर रहे शिवभक्तों को ठंडे पानी की बोतलें दी गईं। गर्मी में ठंडा पानी मिलने से कांवड़ियों ने राहत महसूस की और पुलिसकर्मियों का आभार जताया।
हल्का प्रभारी संजीव कुमार चिलचिलाती धूप में खड़े होकर कांवड़ियों की सेवा करते नजर आए। उन्होंने पैदल यात्रा के दौरान पैरों में छाले और चोट से परेशान श्रद्धालुओं के पैरों में पट्टी बांधी तथा जरूरत के अनुसार दवाई लगाकर राहत पहुंचाई। पुलिसकर्मियों की इस पहल को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने भी उनकी सराहना की। लोगों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त रहने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की सहायता के लिए आगे आकर सेवा भावना का परिचय दिया।

थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी शिवभक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उनकी यात्रा को सुगम बनाना है। जरूरत के समय श्रद्धालुओं की सहायता करना भी सेवा भावना का हिस्सा है। इसी उद्देश्य से कांवड़ियों को ठंडा पानी उपलब्ध कराया गया और जरूरतमंदों के पैरों में पट्टी बांधकर राहत पहुंचाई गई।
कांवड़ियों ने पुलिसकर्मियों की सेवा भावना की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। पुलिस और प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर लगातार व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत