दहेज हत्या के मामले में पति और देवर गिरफ्तार, सिंभावली पुलिस ने नहर पुल के पास से दोनों को दबोचा
सोनू मसूदी
हापुड़। सिंभावली थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी पति और देवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को डिबाई नहर पुल से भगवानपुर की ओर जाने वाले कट के पास से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जनपद में अपराध की रोकथाम और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिंभावली पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर डिबाई नहर पुल से भगवानपुर की ओर जाने वाले कट के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पुत्र सुभाष और गुरमीत पुत्र सुभाष के रूप में हुई है। दोनों ग्राम गंगेश्वरी थाना रहरा, जनपद अमरोहा के रहने वाले हैं। वर्तमान में दोनों थाना सिंभावली क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर स्थित ईंट भट्ठे पर रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक विकास मृतका का पति और गुरमीत उसका देवर है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी थाना सिंभावली में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 202/2026 में वांछित थे। मामले में बीएनएस की धारा 85, 115(2), 352, 80, 61(2)(ए) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राहुल चौहान, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और रिजर्व कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे।
Comments
Post a Comment