ब्रजघाट टोल के पास रोडरेज में युवक की मौत, छह नामजद समेत नौ पर हत्या की धाराएं बढ़ेंगी; छह दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं
साहिल अंसारी
गढ़मुक्तेश्वर। ब्रजघाट टोल प्लाजा के पास रोडरेज के बाद हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान छह दिन बाद दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद पुलिस पहले से दर्ज मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाने की तैयारी कर रही है। वहीं, घटना के छह दिन बाद भी किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई की रात मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय अजीम टाटा मैजिक लेकर दिल्ली जा रहा था। ब्रजघाट टोल प्लाजा से आगे शिवा ढाबा के पास उसकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ऑटो से टकरा गई। आरोप है कि हादसे के बाद ऑटो चालक और उसमें सवार लोगों ने अजीम को घेर लिया और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से बेरहमी से पीट दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अजीम को पहले गढ़मुक्तेश्वर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ के एसएस अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में परिजन उसे मुरादाबाद के अस्पताल ले गए, जहां बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के संबंध में मृतक के पिता की तहरीर पर गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली में पहले ही छह नामजद और तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। एफआईआर में फरमान, नीरज, अंकित, लोकेश और शिवम समेत अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या की धाराएं जोड़ी जाएंगी, जिससे आरोपितों की कानूनी मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।
घटना के छह दिन बाद भी एक भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने सभी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि गंभीर वारदात के बावजूद आरोपितों का खुलेआम घूमना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े करता है।
गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि घायल अजीम की उपचार के दौरान मौत हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में धाराओं की तरमीम की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा
Comments
Post a Comment