रक्षाबंधन से पहले मिलावट के अड्डों पर खाद्य विभाग का धावा, सात कुंतल मावा कराया नष्ट
साहिल अंसारी
- सोलाना-लालपुर में तीन खोया निर्माण इकाइयों पर एक साथ छापेमारी, आठ नमूने लिए
- 1.75 लाख रुपये का संदिग्ध मावा मौके पर नष्ट, 2.32 लाख रुपये की वनस्पति और एसएमपी सीज
जागरण संवाददाता, हापुड़। रक्षाबंधन पर्व पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को विभाग की टीम ने धौलाना तहसील क्षेत्र के सोलाना-लालपुर में तीन खोया निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से संचालकों में खलबली मच गई। टीम ने मौके से मावा, एसएमपी, वनस्पति और रिफाइंड तेल के आठ नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। कार्रवाई के दौरान करीब सात कुंतल संदिग्ध मावा बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। नष्ट किए गए मावे की कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम पुलिस बल के साथ सोलाना-लालपुर पहुंची। टीम ने सबसे पहले शाहरुख पुत्र हनीफ निवासी लालपुर-सोलाना की खोया निर्माण इकाई की जांच की। यहां तैयार मावे के दो नमूने लिए गए। इसके अलावा एसएमपी और वनस्पति के भी एक-एक नमूने लिए गए। जांच के दौरान करीब सात कुंतल मावा मिला। अधिकारियों ने इसकी गुणवत्ता को संदिग्ध मानते हुए पूरा मावा जब्त कर मौके पर नष्ट करा दिया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.75 लाख रुपये आंकी गई।
इसके बाद टीम ने सोलाना निवासी प्रदीप कुमार सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह की इकाई पर छापा मारा। यहां से मावा के दो नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निर्माण स्थल पर साफ-सफाई, इस्तेमाल किए जा रहे कच्चे माल और तैयार खाद्य पदार्थों की भी जांच की। इसके बाद मोमिना पत्नी मोमीन की इकाई की जांच की गई। यहां से रिफाइंड तेल और एसएमपी के नमूने लिए गए।
2.32 लाख रुपये की सामग्री सीज
मोमिना की इकाई से टीम को 268 किलोग्राम वनस्पति और 510 किलोग्राम एसएमपी मिला। अधिकारियों ने दोनों सामग्रियों को सीज कर दिया। वनस्पति की कीमत करीब 53,600 रुपये, जबकि एसएमपी की कीमत लगभग 1.78 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल करीब 2.32 लाख रुपये की सामग्री को सीज किया गया।
त्योहार तक जारी रहेगा अभियान
छापेमारी में मेरठ के खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेश पाल, अतीश कुमार और सत्येंद्र सिंह तोमर, गाजियाबाद के खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीके वर्मा व अजय सिंह तथा बुलंदशहर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुनेंद्र सिंह राणा व अजय सिंह समेत स्थानीय खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शामिल रही।
सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। छापेमारी के दौरान लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बाजार में बिकने वाले मावा, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Comments
Post a Comment