महकार हत्याकांड में एसपी का बड़ा एक्शन: पथराव की शिकायत के बाद कार्रवाई में ढिलाई पड़ी भारी, शाहपुर चौकी प्रभारी राजन सस्पेंड; हत्या के बाद पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

सोनू मसूदी

गढ़मुक्तेश्वर। शाहपुर गांव में हुए चर्चित महकार हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर शाहपुर चौकी प्रभारी राजन को एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। स्थानीय पुलिस अधिकारियों की जांच रिपोर्ट के आधार पर रविवार दोपहर यह कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी के निलंबन के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है।

पथराव की शिकायत के बाद नहीं हुई प्रभावी कार्रवाई

बताया गया कि शुक्रवार रात शाहपुर गांव निवासी गीता के मकान पर कुछ लोगों ने पथराव किया था। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी नामजद आरोपितों के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसी दौरान विवाद और गंभीर हो गया।

फार्म हाउस पर महकार की हत्या

शनिवार को आरोपित पक्ष के लोग गीता के भाई महकार के फार्म हाउस पर पहुंच गए। वहां महकार पर जानलेवा हमला कर दिया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई और गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।

स्वजन ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

महकार की मौत के बाद स्वजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। स्वजन ने आरोप लगाया कि शुक्रवार रात पथराव की घटना के बाद पुलिस ने यदि समय रहते आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की होती तो महकार की हत्या की घटना को रोका जा सकता था। मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद उच्च अधिकारियों ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कराई।

जांच रिपोर्ट के बाद चौकी प्रभारी पर गिरी गाज

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने स्थानीय अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। रिपोर्ट में शाहपुर चौकी प्रभारी की ओर से बरती गई शिथिलता सामने आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। उधर, हत्याकांड में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। अधिकारियों ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल