पुरानी मारपीट के बाद अब गवाही से मुकरने का दबाव, धमकी की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी
सोनू मसूदी
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव निवासी युवक ने एक व्यक्ति पर मुकदमे में गवाही से मुकरने का दबाव बनाने और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने धमकी भरी फोन कॉल की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपने की बात कही है।
नूरपुर निवासी अभिषेक राव ने बाबूगढ़ थाने में दी तहरीर में बताया कि 31 जुलाई की रात करीब 11:38 बजे गांव निवासी शिवम शर्मा ने उसके मोबाइल पर फोन किया। आरोप है कि शिवम ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, शिवम ने नितेश से संबंधित मुकदमे में उसे गवाह बताते हुए गवाही से मुकरने का दबाव बनाया।
अभिषेक ने बताया कि उसने गवाही से मुकरने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपित ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे आरोपित से किसी अप्रिय घटना की आशंका है। इसी कारण उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
तहरीर में अभिषेक ने यह भी आरोप लगाया कि करीब एक माह पहले शिवम ने उसे गांव के बाहर रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की थी। उस समय डर के कारण उसने पुलिस से शिकायत नहीं की थी। पीड़ित के मुताबिक, इस बार मिली धमकी की फोन रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है।
पीड़ित ने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बाबूगढ़ पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फोन रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
Comments
Post a Comment