सिम्भावली में भीम सिंह हत्याकांड के चार आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस समेत घटना में प्रयुक्त डंडे बरामद
गंगा एक्सप्रेसवे पुल के नीचे से पुलिस ने दबोचे चारों वांछित आरोपी, तमंचा और कारतूस बरामद
हापुड़। सिम्भावली थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर बुकलाना निवासी भीम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, दो डंडे और एक पैनी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अपराध की रोकथाम और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिम्भावली पुलिस ने सूचना के आधार पर गंगा एक्सप्रेसवे पुल के नीचे से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सतेन्द्र पुत्र प्रेम सिंह निवासी गांव विरसिंहपुर, नेमपाल पुत्र जयपाल सिंह निवासी अकबरपुर बुकलाना, ब्रहपाल सिंह पुत्र जयपाल निवासी अकबरपुर बुकलाना और पप्पू उर्फ सोबीर पुत्र आजाद निवासी धनपुरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त दो डंडे और एक पैनी भी बरामद की गई। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले की विवेचना आगे बढ़ा दी है।
थाना सिम्भावली में मुकदमा अपराध संख्या 193/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी इसी मामले में वांछित चल रहे थे। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार, उपनिरीक्षक अंकुर कुमार, उपनिरीक्षक परवेज चौधरी, कांस्टेबल अंकित कुमार और कांस्टेबल सचिन पंवार शामिल रहे।
Comments
Post a Comment