सिलाई प्रशिक्षण ले रहीं महिलाओं और बालिकाओं को बांटी सिलाई किट, दिए प्रमाण पत्र



सोनू मसूदी

हापुड़। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत मंगलवार को बाबूगढ़ छावनी स्थित कैनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महिलाओं और बालिकाओं को सिलाई किट और प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी और आगे की योजनाओं के बारे में बातचीत की। सीडीओ ने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।


उन्होंने लीड बैंक मैनेजर आशीष सक्सेना को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महिलाओं और बालिकाओं को मुख्यमंत्री उद्यमी योजना सहित स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद महिलाएं सिलाई कार्य को रोजगार का माध्यम बनाकर अपनी आय बढ़ा सकती हैं।

जिला प्रोबेशन अधिकारी स्मिता सिंह ने महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। डीएमसी नेहा त्यागी ने महिलाओं और बालिकाओं को महिला कल्याण विभाग तथा महिलाओं से संबंधित विभिन्न विभागीय योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र लाभार्थियों को आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी भी दी।

इस दौरान ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की प्रबंधक वंदना यादव, शिक्षक अनुज कुमार शर्मा, श्वेता यादव, कार्यालय सहायक सुजाता और आशीष सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने महिलाओं को प्रशिक्षण का अधिक से अधिक उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।




Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत