सिकंदर गेट पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम चौक में शान से लहराया तिरंगा, विद्युतकर्मी-पुलिसकर्मी सम्मानित
साहिल अंसारी
हापुड़। सिकंदर गेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम चौक पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सोशल वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सोसायटी के चेयरमैन एवं नगर पालिका परिषद हापुड़ के ब्रांड एंबेसडर मौ. दानिश कुरैशी और सीडब्ल्यूसी के प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट बाबूराम गिरी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। राष्ट्रध्वज फहराते ही कार्यक्रम स्थल देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान कांवड़ एवं महाशिवरात्रि पर्व पर शांति, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों, विद्युतकर्मियों और वॉलिंटियर्स को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि धार्मिक पर्वों के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने में इन सभी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सोसायटी के चेयरमैन मौ. दानिश कुरैशी ने कहा कि जिस स्थान पर कभी गंदगी का अंबार लगा रहता था, आज वह डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के नाम से विकसित चौक और पार्क के रूप में पहचान बना चुका है। उन्होंने बताया कि लंबे प्रयासों के बाद शासन-प्रशासन और नगर पालिका परिषद के सहयोग से यहां सफाई कराकर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम पार्क, ग्रीन बेल्ट, चौक और पूर्व राष्ट्रपति की भव्य प्रतिमा स्थापित कराई गई।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में चौक पर ‘आई लव डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम’ सेल्फी प्वाइंट भी विकसित कराया जाएगा। दानिश कुरैशी ने कहा कि सोसायटी के चेयरमैन रहते हुए लगातार आठवीं बार ध्वजारोहण करने का अवसर मिलना उनके लिए गौरव की बात है।
इस मौके पर सुमित मलिक, अवर अभियंता अशोक कुमार, डॉ. दिलशाद अली, डॉ. असद सिद्दीकी, आरिफ त्यागी, हाजी मारूफ, ताहिर सैफी, अरमान कसगर, फरमान, सचिन, ईश्वर, राजा चिंटू, कपिल, सतीश, मनोज कुमार, मोहित मावी, नौमान, मौ. अहमद, राशिद अली, खालिद जिलानी, अजहर कुरैशी, मसरूर सलमानी और दानियाल नसीम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment