छपकोली मंदिर में डीएम-एसपी ने भोले बाबा का जलाभिषेक कर परखी सुरक्षा व्यवस्था, सावन में श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात प्रबंधन को लेकर दिए निर्देश


साहिल अंसारी

कांवड़ यात्रा को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र का किया निरीक्षण

हापुड़। सावन माह और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोमवार को जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बाबूगढ़ थाना क्षेत्र स्थित छपकोली मंदिर पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर में भोले बाबा का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर व्यवस्थाएं परखी।

डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर के साथ प्रवेश और निकास मार्ग तथा आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सावन माह के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए।


अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को मंदिर परिसर में लगातार निगरानी रखने और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए कहा।

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मंदिर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों और कांवड़ मार्गों पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी।


इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर और बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने डीएम और एसपी को मंदिर की सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी।



Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल