अस्पताल ले जाते समय पुलिस की पिस्टल छीनकर भागा एक लाख का इनामी, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली



सोनू मसूदी

पिलखुवा। थाना पिलखुवा क्षेत्र में 85 लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित चल रहे एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, बदमाश ने अस्पताल ले जाते समय पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग की और खेतों की ओर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 15 दिसंबर 2025 को सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास हाईवे पर बदमाशों ने एक कलेक्शन एजेंट से 85 लाख रुपये की लूट की थी। मामले के पर्दाफाश के बाद पुलिस ने घटना में शामिल 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वारदात में शामिल अमरोहा जनपद के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी इफ्तखार पुत्र काबली फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एडीजी मेरठ जोन की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, जनपदीय स्वाट टीम ने इफ्तखार को गिरफ्तार कर थाना पिलखुवा लाया था। रात में आरोपित ने पेट में दर्द होने की बात कही। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे चिकित्सकीय जांच के लिए सीएचसी पिलखुवा लेकर जा रहे थे। जीएस फाटक के पास आरोपित ने एक उपनिरीक्षक की पिस्टल छीन ली और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग करते हुए खेतों की ओर भागने लगा।

पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में दोबारा गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पुलिस से छीनी गई पिस्टल, नौ खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।

क्षेत्राधिकारी पिलखुवा के अनुसार, घायल बदमाश को पहले सीएचसी में प्राथमिक उपचार दिलाया गया, इसके बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपित के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट और डकैती समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत