पनीर में मिलावट की सूचना से मचा हड़कंप, खाद्य विभाग ने रामपुर स्थित निर्माण इकाई पर मारा छापा; पनीर-क्रीम के नमूने लिए
साहिल अंसारी
हापुड़। मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को मिलावटी पनीर बनाए जाने की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रामपुर स्थित पनीर निर्माण इकाई पर छापामार कार्रवाई की। टीम ने मौके से पनीर और क्रीम के दो नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। नमूनों को प्रयोगशाला भेजकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी।
आयुक्त महोदया के आदेश और जिलाधिकारी महोदया के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में टीम विजय कुमार यादव की पनीर निर्माण इकाई पर पहुंची। अचानक हुई कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने निर्माण इकाई के परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पनीर और क्रीम के नमूने लिए। अधिकारियों के अनुसार, मौके पर किसी प्रकार का अपमिश्रक भंडारित नहीं पाया गया। हालांकि निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां सामने आने पर खाद्य कारोबारी को सुधार सूचना जारी की जा रही है। विभाग ने कारोबारी को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि पनीर में मिलावट की सूचना मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई है। मौके से लिए गए दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन और आम दिनों में भी खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क है। मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री की शिकायतों पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है। खाद्य कारोबारियों को भी निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
छापामार कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी गुप्ता और विपिन कुमार सिंह शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Comments
Post a Comment