रास्ते पर दीवार खड़ी कर आवागमन किया बंद, प्राधिकरण-पालिका के बाद पुलिस रिपोर्ट में भी पुष्टि

साहिल अंसारी

भवन संख्या-46 तक जाने वाला रास्ता दीवार से बंद होने का उल्लेख, भवन संख्या-44 और 45 के सामने भी अतिक्रमण की बात सामने आई

हापुड़। पक्काबाग क्षेत्र के नारायणगंज मोहल्ले में मकान तक पहुंचने वाले रास्ते को दीवार खड़ी कर बंद किए जाने का मामला अब पुलिस की जांच रिपोर्ट में भी सामने आया है। शिकायतकर्ता मोहित सिंघल की ओर से आरटीआइ के तहत मांगी गई सूचना के जवाब में क्षेत्राधिकारी नगर कार्यालय ने कोतवाली नगर पुलिस की जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई है। रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया भवन संख्या-45 के आगे रास्ते पर दीवार खड़ी कर भवन संख्या-46 तक पहुंचने का रास्ता बंद किए जाने की पुष्टि की गई है। वहीं भवन संख्या-44 और 45 के सामने रास्ते के ऊपर आकाश की ओर भी अतिक्रमण किए जाने का उल्लेख किया गया है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनके अनुसार हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) और नगर पालिका के रिकार्ड में उक्त स्थान पर रास्ता होने की पुष्टि पहले ही हो चुकी है। इसके बावजूद रास्ते पर खड़ी दीवार को हटाने की कार्रवाई नहीं की गई।

क्षेत्राधिकारी नगर अनीता चौहान की ओर से 20 अगस्त को आरटीआइ आवेदन के संबंध में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक से आख्या मांगी गई थी। इसके बाद उपनिरीक्षक अजीत सिंह ने विवादित स्थल का निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट तैयार की।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार आवेदक मोहित सिंघल और विपक्षी राजीव गर्ग समेत अन्य के मकान व दुकान दिल्ली-गढ़ रोड पर स्थित हैं। दुकानों के पीछे बने मकानों के बीच की खाली जगह का पूर्व में आपसी सहमति से रास्ते के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। यह रास्ता नारायणगंज मोहल्ले के मुख्य मार्ग से जुड़कर दिल्ली-गढ़ रोड की ओर निकलता है।

जांच रिपोर्ट में बताया गया कि आवेदक की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेज और नक्शे में भी नारायणगंज से भवन संख्या-46 तक रास्ता दर्शाया गया है। मौके के निरीक्षण और पूर्व में चौकी प्रभारी रेलवे रोड उपनिरीक्षक गौरव राज की जांच में भवन संख्या-45 तक रास्ता स्पष्ट मिला। हालांकि भवन संख्या-45 से आगे रास्ते पर दीवार खड़ी मिली। इससे भवन संख्या-46 तक आने-जाने का रास्ता बंद पाया गया।

कार्रवाई नहीं होने पर उठ रहे सवाल

शिकायतकर्ता मोहित सिंघल का आरोप है कि एचपीडीए और नगर पालिका के रिकार्ड में रास्ता होने की पुष्टि तथा पुलिस जांच में दीवार लगाए जाने की बात सामने आने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से रास्ता खुलवाने की कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने मामले में संबंधित विभागों से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल