पिलखुवा में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा, डीएम ने दिए सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के निर्देश
पिलखुवा। सावन माह में होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेटों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कांवड़ मार्ग, शिवालयों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, सफाई और मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी नियुक्त मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहें। ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन चालू रखना अनिवार्य होगा, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल संपर्क किया जा सके। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा के लिए सरस्वती इंस्टीट्यूट सहित अन्य अस्पतालों में विशेष वार्ड, पर्याप्त दवाएं, एंबुलेंस और चिकित्सकों की 24 घंटे ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। कांवड़ मार्ग पर प्राथमिक उपचार शिविर भी लगाए जाएं। इसके साथ ही रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था पहले से निर्धारित करने को कहा गया।
कांवड़ मार्ग पर पेयजल, प्रकाश, अस्थायी शौचालय और टेंट की व्यवस्था के साथ नियमित सफाई और कूड़ा निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने को कहा गया।
डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और भाईचारे का प्रतीक है। इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एडीएम, एएसपी, एसडीएम, सीओ, सीएमओ, सरस्वती इंस्टीट्यूट के निदेशक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment