संकट में महिलाओं के लिए सहारा बनेगा वन स्टॉप सेंटर, डीएम ने किया औचक निरीक्षण
साहिल अंसारी
महिला हेल्पलाइन से सूचना मिलते ही त्वरित सहायता पहुंचाने के दिए निर्देश, मेडिकल, कानूनी और मनोवैज्ञानिक सेवाओं की परखी व्यवस्था
हापुड़। महिलाओं और बालिकाओं को संकट की स्थिति में एक ही छत के नीचे तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित वन स्टॉप सेंटर-सखी का बुधवार को जिलाधिकारी कविता मीना ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं और व्यवस्थाओं की हकीकत परखी और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही मेडिकल सहायता, पुलिस सहायता, कानूनी मदद, मनोवैज्ञानिक परामर्श और अस्थायी आश्रय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र पर आने वाली पीड़ित महिलाओं से संबंधित आगमन रजिस्टर, सहायता रजिस्टर और रेफरल रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया। लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए उनके निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने केंद्र में तैनात प्रशासक, केस वर्कर, काउंसलर, नर्स और सुरक्षा कर्मियों की उपस्थिति पंजिका भी जांची। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 के साथ वन स्टॉप सेंटर के समन्वय की स्थिति के बारे में जानकारी ली। निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर सूचना प्राप्त होते ही संबंधित महिला या बालिका तक सहायता पहुंचाने में किसी भी स्तर पर देरी नहीं होनी चाहिए। कॉल प्राप्त होने के बाद रिस्पांस टाइम न्यूनतम रखने पर विशेष जोर दिया।
साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था भी परखी
कविता मीना ने केंद्र परिसर की साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन यंत्रों और महिला सुरक्षा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर संकट की घड़ी में महिलाओं और बालिकाओं के लिए महत्वपूर्ण सहारा है। केंद्र पर आने वाली प्रत्येक महिला और बालिका के साथ संवेदनशीलता और सम्मान के साथ व्यवहार किया जाए।
डीएम ने कहा कि पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को केंद्र की सभी व्यवस्थाएं नियमित रूप से दुरुस्त रखने तथा महिलाओं को मिलने वाली सेवाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।
Comments
Post a Comment