पनीर में मिलावट की आशंका पर खाद्य विभाग का शिकंजा, दो ठिकानों पर छापे; नमूने जांच को भेजे
, हापुड़। पनीर में मिलावट और गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को जिले में अभियान चलाया। टीम ने ग्राम कस्तला कासमाबाद स्थित पनीर निर्माण इकाई और पिलखुवा सब्जी मंडी स्थित पनीर भंडार पर औचक छापेमारी की। दोनों स्थानों से पनीर के एक-एक नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार और खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सिंह व आरपी गुप्ता शामिल रहे।
टीम ने सबसे पहले ग्राम कस्तला कासमाबाद स्थित सतीश उर्फ पूनम चौहान की पनीर निर्माण इकाई पर औचक छापा मारा। यहां से पनीर का एक नमूना संग्रहित किया गया। इसके बाद टीम पिलखुवा सब्जी मंडी स्थित अनमोल पनीर भंडार पहुंची। टीम ने यहां से भी पनीर का एक नमूना लिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार दोनों नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नमूनों की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment