दहेज हत्या के मामले में पति और देवर गिरफ्तार, सिंभावली पुलिस ने डिबाई नहर पुल के पास से दोनों को दबोचा
साहिल अंसारी
हापुड़। दहेज हत्या के मामले में वांछित चल रहे पति और देवर को सिंभावली थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को डिबाई नहर पुल से भगवानपुर की ओर जाने वाले कट के पास से गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जनपद में अपराध की रोकथाम और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिंभावली पुलिस को दहेज हत्या के मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपितों की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विकास पुत्र सुभाष और गुरमीत पुत्र सुभाष के रूप में हुई है। दोनों ग्राम गंगेश्वरी, थाना रहरा, जनपद अमरोहा के मूल निवासी हैं। वर्तमान में दोनों थाना सिंभावली क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर स्थित ईंट भट्ठे पर रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक विकास मृतका का पति और गुरमीत उसका देवर है।
पुलिस ने बताया कि मामले में थाना सिंभावली पर मु0अ0सं0 202/2026 दर्ज है। मुकदमे में बीएनएस की धारा 85, 115(2), 352, 80, 61(2)(ए) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की गई है। इसी मामले में दोनों आरोपित वांछित चल रहे थे।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राहुल चौहान, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और रिजर्व कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Comments
Post a Comment