शिवा ढाबे के पास रोडरेज में अजीम की मौत के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, पांचवां आरोपित गिरफ्तार; निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल डंडा बरामद


सोनू मसूदी

हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र में शिवा ढाबे के पास करीब 12 दिन पहले हुए रोडरेज के मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए अजीम की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है। मामले में अब तक कुल पांच आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को अजीम मुरादाबाद से गाजियाबाद अपने छोटा हाथी वाहन से जा रहा था। शिवा ढाबे के पास उसके वाहन की ऑटो से टक्कर हो गई थी। हादसे में ऑटो चालक फरमान गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद फरमान के साथ मौजूद लोगों ने अजीम के साथ मारपीट कर दी, जिसमें वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान अजीम की मौत हो गई।

घटना के बाद दोनों पक्षों की तहरीर पर गढ़मुक्तेश्वर थाने में एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए थे। अजीम की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए प्रकाश में आए आरोपित दक्ष पुत्र नागेंद्र उर्फ पाली निवासी बौड़ा खुर्द, थाना पिलखुवा को बदरखा फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक डंडा बरामद हुआ है। मामले में नामजद फरमान गंभीर रूप से घायल होने के कारण उपचाराधीन है। उसे छोड़कर सभी नामजद चार आरोपितों और प्रकाश में आए दक्ष की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक सुधीर कुमार, उपनिरीक्षक करन कुमार, उपनिरीक्षक लोकेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल कंचन कुमार और रिजर्व कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत