हर-हर महादेव के जयकारों के बीच शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, डीएम-एसपी ने परखी कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था



संवाददाता, सोनू मसूदी

हापुड़। सावन के पावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को जनपद में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव छपकौली स्थित प्राचीन शिव मंदिर और ब्रजघाट गंगा घाट पर हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों और शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया।

आसमान से फूलों की पंखुड़ियां बरसती देख कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। छपकौली मंदिर परिसर और ब्रजघाट गंगा तट हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों ने पुष्प वर्षा का आनंद लिया। प्रशासन की इस पहल से कांवड़ियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
कांवड़ मार्ग की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

डीएम और एसपी ने हेलीकॉप्टर से जनपद की सीमाओं में आने वाले कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रमुख मार्गों, चौराहों, संवेदनशील स्थानों, गंगा घाटों और कांवड़ शिविरों की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी ली।

कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए जिलेभर में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी कांवड़ मार्ग की निगरानी की जा रही है। प्रशासन की ओर से कांवड़ियों के लिए विश्राम, पेयजल, चिकित्सा सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत