कुरान टोल के पास बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक फरार


साहिल अंसारी
हापुड़, हाफिजपुर। कुरान टोल के पास मोड़ी के पुल पर तेज रफ्तार राजस्थान रोडवेज बस ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मृतक की पहचान मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के फतेहउल्लापुर निवासी अहसान के रूप में हुई है।

मेरठ के करीमनगर निवासी बाबू खां ने हाफिजपुर थाने में दी तहरीर में बताया कि उनका दामाद अहसान पुत्र मेहरुद्दीन 10 अगस्त को मोटरसाइकिल से अलीगढ़ से मेरठ स्थित अपने घर लौट रहा था। शाम करीब 7:30 बजे वह कुरान टोल के पास मोड़ी के पुल पर पहुंचा। इसी दौरान सामने से राजस्थान रोडवेज की बस संख्या आरजे-13 पीए-8740 तेज गति और लापरवाही से गलत दिशा में आ गई और बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से अहसान गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्वजन में कोहराम मच गया। तहरीर में बताया गया कि स्वजन अंतिम संस्कार समेत अन्य कार्यों में व्यस्त थे, जिसके कारण तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं कराया जा सका।

13 अगस्त को बाबू खां ने हाफिजपुर थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार को विवेचना सौंपी गई है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश के साथ हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Comments

Popular posts from this blog

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने क्लीनिक पर बिछाया जाल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

राधा-कृष्ण के मनमोहक रूप में नजर आए नन्हे-मुन्ने, जन्माष्टमी के रंग में रंगा ओएमजी स्कूल