कूड़ा बीनने निकला था, नंगे तार ने छीन ली जिंदगी; करंट लगने से युवक की मौत
, हापुड़। आंबेडकर तिराहे के पास शुक्रवार को खुले पड़े नंगे तार ने एक युवक की जिंदगी छीन ली। सार्वजनिक शौचालय के बाहर कूड़ा बीन रहा युवक तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। बारिश के बीच खुले तारों को देखकर लोगों में रोष फैल गया। साथ ही सार्वजनिक स्थान पर विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक रोजाना की तरह आंबेडकर तिराहे के पास बने सार्वजनिक शौचालय के आसपास कूड़ा बीन रहा था। इसी दौरान उसकी नजर वहां पड़े तार पर पड़ी। बताया गया कि युवक ने तार को सामान्य या कॉपर का तार समझकर हटाने का प्रयास किया। हाथ लगाते ही वह करंट की चपेट में आ गया और जमीन पर गिर पड़ा। तेज झटका लगने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बारिश में खुले तारों ने बढ़ाया खतरा
हादसे के बाद लोगों ने आसपास नजर दौड़ाई तो शौचालय के आसपास विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े हो गए। लोगों के मुताबिक वहां कई तार खुले में दिखाई दे रहे थे। कुछ तार दीवार से लटके हुए थे, जबकि कुछ जमीन के आसपास पड़े थे। बारिश के कारण खुले तार और भी खतरनाक स्थिति पैदा कर रहे थे। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते तारों को सुरक्षित कर दिया जाता तो हादसा टाला जा सकता था।
तार में करंट किस स्रोत से आया, इसकी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों ने तार छूने के बाद युवक के करंट की चपेट में आने की बात कही। घटना के बाद सार्वजनिक स्थानों पर बिजली के तारों की सुरक्षा और जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बारिश में सड़क किनारे पड़ा रहा शव
हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी। सड़क किनारे युवक का शव पड़ा था और पास में उसका कूड़ा एकत्र करने वाला बोरा पड़ा था। यह दृश्य देखकर राहगीर भी रुक गए। मौके पर जमा लोगों में हादसे को लेकर दुख के साथ रोष भी नजर आया।
Comments
Post a Comment