कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला से दुष्कर्म का आरोप, मुकदमा दर्ज होने के बाद फरार नामजद आरोपित गिरफ्तार
साहिल अंसारी
हापुड़ देहात थाना पुलिस ने महिला को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने के मामले में नामजद वांछित आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित को ततारपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जनपद में अपराध की रोकथाम और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हापुड़ देहात पुलिस को दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपित के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ततारपुर चौराहे के पास घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर हापुड़ देहात थाने में मुकदमा अपराध संख्या 367/26 दर्ज किया गया था। मुकदमे में बीएनएस की धारा 64(1), 123, 308(2) और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महिला को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। साथ ही आरोपित पर धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान शरीफ पुत्र मौ. हनीफ निवासी ग्राम असौड़ा, थाना हापुड़ देहात के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपित को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक उम्मेद अली, उपनिरीक्षक मनीष कुमार श्यौरान, हेड कांस्टेबल अनिल शर्मा और कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे।
Comments
Post a Comment