ऑपरेशन शस्त्र का बड़ा वार: हाफिजपुर पुलिस ने तीन शातिरों को दबोचा, तीन तमंचे और कारतूस बरामद



साहिल अंसारी

हापुड़। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शस्त्र के तहत हाफिजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान तीन शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 315 बोर के तीन अवैध तमंचे और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उनके खिलाफ हापुड़ समेत अन्य जनपदों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र मेरठ के निर्देश पर जनपद में अपराधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हाफिजपुर पुलिस ने चेकिंग तेज करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने रामपुर अंडरपास से सलीम, अकड़ौली चौराहे से ग्राम उबारपुर जाने वाले रास्ते से कमालुद्दीन उर्फ लाला और सालेपुर नगर पुल के पास से नितिन को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार सलीम पुत्र मुर्सलीम ग्राम बागबाला, थाना अगौता, जनपद बुलंदशहर का निवासी है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ अगौता थाने में मारपीट, बलवा और हत्या के प्रयास समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा मसूरी थाने में गैंगस्टर एक्ट और हाफिजपुर थाने में आयुध अधिनियम का मामला भी दर्ज है।

दूसरा आरोपित कमालुद्दीन उर्फ लाला पुत्र अल्ताफ उर्फ लटूर ग्राम लालकुआं शाहपुर बम्बेटा, थाना वेवसिटी, गाजियाबाद का निवासी है। उसके खिलाफ गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में लूट, लूट के प्रयास और अवैध हथियार रखने से संबंधित कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

तीसरा आरोपित नितिन पुत्र जयप्रकाश निवासी मानसरोवर पार्क, लालकुआं, गाजियाबाद है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ कविनगर और ईकोटेक थाने में लूट, आयुध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपितों के कब्जे से 315 बोर के तीन तमंचे और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में हाफिजपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार चौहान, उपनिरीक्षक कुमार यादव, नसीम अहमद, संजय यादव, हेमकांत, संजीव कुमार, सत्यवीर सिंह तथा कांस्टेबल रूपेंद्र कुमार और जयप्रताप शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत