तिरंगे के सम्मान में एकजुट हुआ एसआईएमएस, देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
साहिल अंसारी
पिलखुवा। सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसआईएमएस) में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाया गया। संस्थान के खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सकों, रेजिडेंट्स, फैकल्टी सदस्यों, विद्यार्थियों, इंटर्न्स, नर्सिंग स्टाफ, एलाइड हेल्थकेयर विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह का शुभारंभ सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर किया गया। इसके बाद सभी ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा और सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान की भावना के अनुरूप आयोजित किया गया। संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. जे. रामचंद्रन और उपाध्यक्ष डॉ. रम्या रामचंद्रेन ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा, अनुशासन, सेवा और जिम्मेदारी को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सलाहकार ब्रिगेडियर डॉ. आरके सहगल, महाप्रबंधक एन. वर्धराजन और निदेशक रघुवार दत्त की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रधानाचार्या डॉ. बरखा गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को ईमानदारी, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
चिकित्सा अधीक्षक मेजर जनरल डॉ. चरंजीत सिंह अहलूवालिया ने कहा कि चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मी बेहतर चिकित्सा सेवा, नैतिक आचरण और मानवीय संवेदना के माध्यम से राष्ट्र सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
समारोह में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन भी हुआ। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया। प्रस्तुतियों के जरिए एकता, शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकीकरण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी को ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। संस्थान प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना भी संस्थान की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले चिकित्सकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और सभी विभागों का आभार जताया गया।
Comments
Post a Comment