मुर्गा फार्म हाउस चोरीकांड का खुलासा, चार शातिर गिरफ्तार; सेंट्रो कार, तमंचा और चोरी का माल बरामद
साहिल अंसारी
गढ़मुक्तेश्वर। झड़ीना-लोधीरपुर मार्ग स्थित मुर्गा फार्म हाउस में हुई चोरी की वारदात का गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल चार शातिर आरोपितों को दौताई नहर पुल के पास से गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी किया गया सामान, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, वारदात में प्रयुक्त सेंट्रो कार और अवैध असलहा बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपितों के खिलाफ हापुड़, बुलंदशहर और गाजियाबाद में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में करीब चार दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार झड़ीना-लोधीरपुर रोड स्थित मुर्गा फार्म हाउस में चोरी के मामले में थाना गढ़मुक्तेश्वर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के पर्दाफाश के लिए पुलिस टीम आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर टीम ने दौताई नहर पुल के पास घेराबंदी कर चारों आरोपितों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बुलंदशहर के थाना आहार क्षेत्र के गांव दराबर निवासी गुड्डू उर्फ मनोज, थाना औरंगाबाद क्षेत्र के गांव बालका निवासी कल्लू, थाना स्याना क्षेत्र के अंबेडकर गली निवासी गोविंद और राजाराम पट्टी कृष्ण नगर निवासी आकाश के रूप में हुई है।
चोरी का सामान और औजार बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो बैटरी, दो इन्वर्टर, एक स्टेबलाइजर/चार्जर और अल्टीनेटर का रोटर बरामद किया है। इसके अलावा चोरी करने में इस्तेमाल होने वाले 31 चाबी, दो पेंचकस, एक प्लास, आरी के दो पत्ते, दो छैनी और आठ रिंच भी बरामद किए गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सेंट्रो कार भी कब्जे में ली है।
तमंचा और चाकू भी मिला
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस के साथ एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। इनमें गुड्डू उर्फ मनोज के खिलाफ बुलंदशहर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपितों का भी आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। चारों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments
Post a Comment