प्रीत विहार में भाजपा जिला उपाध्यक्ष के कार्यालय को चोरों ने बनाया निशाना, कूमल लगाकर नकदी समेत जरूरी दस्तावेज किए पार
भाजपा जिला उपाध्यक्ष के कार्यालय में कूमल लगाकर 77 हजार की चोरी, बैनामे भी ले गए चोर
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के प्रीत विहार में चोरों ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष के कार्यालय को निशाना बनाकर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। चोर दीवार में कूमल लगाकर कार्यालय में दाखिल हुए और वहां रखी 77 हजार रुपये की नकदी के अलावा संपत्तियों के महत्वपूर्ण बैनामे और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। सोमवार सुबह कार्यालय पहुंचने पर घटना का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
प्रीत विहार में हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण के समीप भाजपा जिला उपाध्यक्ष जय भगवान शर्मा उर्फ पिंटू प्रधान (रामपुर वाले) का महादेव प्रॉपर्टीज के नाम से कार्यालय है। रविवार रात चोरों ने कार्यालय की दीवार में कूमल लगाया और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद कार्यालय में रखी 77 हजार रुपये की नकदी, संपत्तियों से संबंधित महत्वपूर्ण बैनामे और अन्य सामान समेटकर फरार हो गए।
सोमवार सुबह कार्यालय पहुंचने पर कर्मचारियों ने दीवार टूटी और सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्धों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
दो साल में चौथी चोरी से रोष
बताया जा रहा है कि पिछले करीब दो वर्षों के भीतर इसी कार्यालय में चोरी की यह चौथी घटना है। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर क्षेत्र के व्यापारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द पर्दाफाश करने की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
Comments
Post a Comment