कांवड़ शिविर में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, मंत्री ने कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा
संवाददाता साहिल अंसारी
, हापुड़। सावन माह में कांवड़ियों की सेवा और स्वागत के लिए महर्षि कश्यप युवा जागृति संस्था की ओर से भव्य कांवड़ शिविर लगाया गया है। शिविर का शुभारंभ प्रदेश के राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। पुष्पवर्षा के दौरान शिविर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे।
उद्घाटन के बाद राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शिविर में कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। शिविर में कांवड़ियों के ठहरने, भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। मंत्री ने आयोजक एडवोकेट विनीत और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। निस्वार्थ भाव से की जा रही ऐसी सेवा समाज के लिए प्रेरणादायी है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर सरकार गंभीर
राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में धार्मिक यात्राओं को लेकर व्यवस्थाओं में बड़ा बदलाव आया है। सरकार और पुलिस-प्रशासन कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मेरठ सहित कई स्थानों पर कांवड़ियों पर हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा भी की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ रहा है।
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि पिछली सरकारों में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे बजाने और शिविर लगाने तक को लेकर पाबंदियां लगाई जाती थीं। वर्तमान सरकार में सनातन परंपराओं और धार्मिक आस्था का सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने सभी कांवड़ियों को सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
Comments
Post a Comment