चोरी का माल लेकर निकला था विशाल, बाबूगढ़ पुलिस ने दबोचा; बाइक भी जब्त
साहिल अंसारी
उपैड़ा में चोरी के एसी आउटडोर यूनिट के साथ बुलंदशहर का आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर भी बरामद
बाबूगढ़। ग्राम उपैड़ा में हुई चोरी की घटना का बाबूगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एसी का आउटडोर यूनिट बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पकड़ा गया आरोपी बुलंदशहर जनपद का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार अपराध की रोकथाम और चोरों तथा वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बाबूगढ़ पुलिस टीम उपैड़ा क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने चोरी की घटना में संलिप्त विशाल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी का एसी आउटडोर यूनिट बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विशाल पुत्र उदयवीर ग्राम सरावा, थाना शिकारपुर, जनपद बुलंदशहर का निवासी है। बरामद एसी आउटडोर यूनिट थाना बाबूगढ़ में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 209/2026 से संबंधित है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसका पंजीकरण नंबर यूपी 37 एक्स 8282 है।
मामले में धारा 305(ए), 331(4) और 351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की वारदात में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह और कांस्टेबल 292 अंकित उपाध्याय शामिल रहे।
Comments
Post a Comment