दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकाला, बच्चों से भी किया अलग, पति पर गंभीर आरोप*
थाना धौलाना में शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप, वीडियो जारी कर लगाई न्याय की गुहार
हापुड़। धौलाना थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, अवैध संबंध रखने और दो मासूम बच्चों को अपने पास रखकर घर से निकाल देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना धौलाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बच्चों को वापस दिलाने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
धौलाना क्षेत्र निवासी जानवी चौहान ने बताया कि उसकी शादी गांव शिकोहपुर निवासी अमन से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति कार और नकदी की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करता रहा। विवाहिता का दावा है कि मायके पक्ष की ओर से आठ से दस लाख रुपये और करीब 400 ग्राम सोना देने के बावजूद पति और उसके परिवार की मांगें खत्म नहीं हुईं।
पीड़िता का आरोप है कि उसका पति शराब के नशे में आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। विरोध करने पर गाली-गलौज कर घर से निकाल देता है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति के अन्य महिलाओं से अवैध संबंध हैं। इन संबंधों का विरोध करने पर उसके साथ और अधिक मारपीट व मानसिक उत्पीड़न किया जाता है।
विवाहिता का कहना है कि उसके दो छोटे बच्चों को भी पति ने अपने पास रख लिया है और उसे उनसे मिलने तक नहीं दिया जा रहा। इससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है। उसने आशंका जताई कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उसके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
महिला का आरोप है कि उसने थाना धौलाना में लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने वीडियो जारी कर प्रशासन से बच्चों को वापस दिलाने और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्या बोले जिम्मेदार
पुलिस का कहना है कि मामले में प्राप्त प्रार्थना पत्र की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment