विभाजन के दर्द और अपनों की कुर्बानी को किया याद, श्रद्धांजलि सभा में मोमबत्तियां जलाकर शहीदों को नमन



साहिल अंसारी

 हापुड़। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर शुक्रवार शाम पंजाबी सभा समिति हापुड़ की ओर से वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान देश की खातिर अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। रेलवे रोड स्थित गुरुद्वारा कलगीधर सिंह सभा, अतरपुरा चौपला के बाहर आयोजित कार्यक्रम में पंजाबी समाज के लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विभाजन की पीड़ा और उस दौर में अपनों को खोने का दर्द भी लोगों की भावनाओं में नजर आया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1947 में हुआ देश का विभाजन इतिहास की सबसे पीड़ादायक घटनाओं में से एक है। विभाजन के दौरान लाखों लोगों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा। अनेक लोगों ने देश और समाज की खातिर अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके त्याग, संघर्ष और साहस को कभी भुलाया नहीं जा सकता। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य नई पीढ़ी को उस दौर की त्रासदी से परिचित कराने के साथ ही बलिदानियों के योगदान को याद करना है।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शहीदों को नमन किया। साथ ही देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि इतिहास की पीड़ादायक घटनाओं से सीख लेकर समाज को सद्भाव, शांति और एकजुटता के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

इस अवसर पर पंजाबी सभा समिति (रजि.) हापुड़ के सचिव कनिक केहर, कोषाध्यक्ष मदन भसीन, संरक्षक बलदेव चुग, पंजाबी समाज के राष्ट्रीय संयोजक प्रवीण सेठी, संजय सहगल, विजय शर्मा पत्रकार, विन्नी जतिन साहनी, विवेक अनु अरोड़ा, राजीव चुग, पाली चुग, दिनेश पाहवा, राजीव जुनेजा, रोहताश चुग, हरविंदर सिंह जुनेजा, जसबीर सिंह छाबड़ा सहित पंजाबी समाज के अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत