अच्छेजा में बेखौफ चोरों का आतंक, खड़ी बस का ताला तोड़कर एलसीडी-कैमरे समेत कीमती सामान उड़ाया
साहिल अंसारी
हापुड़। टीपी नगर थाना क्षेत्र के अच्छेजा स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास खड़ी बस को चोरों ने रात में निशाना बना लिया। चोर बस का ताला तोड़कर अंदर लगी एलसीडी, एम्पलीफायर, इनवर्टर और कैमरे समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह बस पर पहुंचे चालक को चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार चालक ने 27 अगस्त की रात बस को अच्छेजा स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास खड़ा किया था। इसके बाद वह वहां से चला गया। रात में किसी समय चोरों ने बस का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सामान चोरी कर लिया। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
28 अगस्त की सुबह चालक बस के पास पहुंचा तो ताला टूटा देखकर उसे चोरी का पता चला। अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर एलसीडी, एम्पलीफायर, और कैमरे गायब मिले। चालक ने आसपास चोरी हुए सामान की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने टीपी नगर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस वारदात के समय वहां मौजूद लोगों और संदिग्ध वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर घटना का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।
Comments
Post a Comment