किसानों की समस्याओं को लेकर सड़कों पर उतरे किसान, भाकियू देशहित ने ट्रैक्टरों के साथ निकाली भव्य तिरंगा यात्रा


साहिल अंसारी

हापुड़। किसानों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाने के संकल्प का एक वर्ष पूरा होने पर भारतीय किसान यूनियन (देशहित) की ओर से रविवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। फ्रीगंज रोड से शुरू हुई यात्रा किठौर रोड तक निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में किसान, संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ट्रैक्टरों के साथ शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर किसानों ने एकजुटता का संदेश दिया और किसान-मजदूरों के हित में आवाज बुलंद की।

यात्रा शुरू होने से पहले भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद दर्जनों ट्रैक्टरों के साथ किसान तिरंगा लेकर सड़कों पर निकले। यात्रा के दौरान किसान एकता और देशभक्ति के नारे लगाए गए। शहर से लेकर गांवों तक निकाली गई यात्रा में किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

भाकियू देशहित के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजीत चौधरी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान पूरे वर्ष मेहनत करके गन्ने की फसल तैयार करता है, लेकिन उसे फसल का उचित मूल्य और समय से भुगतान नहीं मिल पाता। दूसरी ओर चीनी समेत अन्य उत्पादों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। किसानों के गन्ने के मूल्य और बकाये के भुगतान को लेकर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसानों के साथ मजदूरों की समस्याएं भी लगातार बढ़ रही हैं। महंगाई के कारण आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, जबकि युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। संगठन ने किसानों को उनकी फसल का लाभकारी मूल्य दिलाने, बकाये का समय से भुगतान कराने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की अनदेखी करने वाली किसी भी सरकार या जनप्रतिनिधि के खिलाफ संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। चुनाव के दौरान किए जाने वाले वादों को पूरा कराने के लिए भी आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया गया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में किसानों की मौजूदगी से संगठन ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।

Comments

Popular posts from this blog

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत