गौरव त्यागी हत्याकांड में मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल
सोनू मसूदी
, हापुड़। ग्राम मौहम्मदपुर आजमपुर निवासी गौरव त्यागी हत्याकांड में हापुड़ देहात पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें मुख्य आरोपी प्रदीप को पुलिस ने असौड़ा-धनौरा अंडरपास के पास चकरोड़ से मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में दबोचा। वहीं, उसके दो साथी अमित और कुलदीप को कचहरी गेट से गिरफ्तार किया गया। तीनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को पुरानी जमीनी रंजिश के चलते गौरव त्यागी की डंडे, हथौड़े और सरियों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद हापुड़ देहात थाने में सात नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राजवीर और जयपाल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शेष पांच आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपितों के कब्जे से एक तमंचा, 315 बोर के एक जिंदा और दो खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त दो डंडे, एक हथौड़ा और वैगनआर कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार प्रदीप, अमित और कुलदीप के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के लिए गठित टीमों ने लगातार दबिश और निगरानी के बाद आरोपितों को पकड़ा। पुलिस ने बताया कि प्रदीप को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपितों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष पारस मलिक समेत उपनिरीक्षक गोधनलाल, अतुल कश्यप, अमित कुमार और पुलिसकर्मी शामिल रहे
Comments
Post a Comment