नर्सिंग शिक्षा के साथ सेवाभाव और अनुशासन को बनाएं जीवन का आधार
साहिल अंसारी
, हापुड़। देव नंदिनी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में शुक्रवार को बीएससी नर्सिंग एवं जीएनएम के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ एवं स्थापना दिवस-2026 समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नर्सिंग शिक्षा के साथ सेवाभाव, अनुशासन, जिम्मेदारी और व्यावहारिक दक्षता को जीवन का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा और विशिष्ट अतिथि आइएमए अध्यक्ष डॉ. मनोज जैन रहे। मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. शाइनी पीसी ने संस्थान की स्थापना से अब तक की उपलब्धियों और गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ क्लिनिकल प्रशिक्षण और सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
दानिश ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा एवं उपस्थिति नीति, क्लिनिकल प्रशिक्षण, प्लेसमेंट, कॉलेज की सुविधाओं तथा एंटी रैगिंग और यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित नियमों की जानकारी दी। विवेक ने कॉलेज एवं अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
चेयरमैन डॉ. श्याम कुमार ने कहा कि नर्सिंग केवल करियर नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना, अनुशासन और जिम्मेदारी से जुड़ा सम्मानित पेशा है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ व्यवहार, कौशल और प्रोफेशनल एथिक्स पर ध्यान देना चाहिए। डायरेक्टर डॉ. विमलेश शर्मा ने समय के महत्व और सदुपयोग पर जोर दिया। ट्रस्टी डॉ. गोविंद सिंह ने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य सलाहकार डॉ. अशोक मैत्रेय ने अनुशासन को सफलता की मजबूत नींव बताया। आइएमए अध्यक्ष डॉ. मनोज जैन ने स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में नर्सिंग प्रोफेशनल्स की बढ़ती भूमिका और प्रशिक्षित नर्सिंगकर्मियों की मांग पर प्रकाश डाला।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने कहा कि कुशल और संवेदनशील नर्स स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी होती है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान, कौशल और सेवाभाव के माध्यम से समाज और राष्ट्र को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने में योगदान करना चाहिए।
नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने अपना परिचय देते हुए भविष्य के लक्ष्य साझा किए और नर्सिंग क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने का संकल्प लिया। खालिद ने समापन संबोधन दिया। प्रियंका ने अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और स्टाफ का आभार जताया। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संतोष कुमार के मार्गदर्शन में इवेंट कोऑर्डिनेटर दीप्ति एवं शाहरुना ने कार्यक्रम का संचालन किया। समारोह के बाद जलपान की व्यवस्था की गई।
Comments
Post a Comment