त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त
साहिल अंसारी
संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की सघन चेकिंग, क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ संभाला मोर्चा
हापुड़। आगामी रक्षाबंधन और जन्माष्टमी समेत अन्य त्योहारों को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हापुड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बुधवार को जिलेभर में क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ प्रमुख बाजारों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और मार्गों पर पैदल गश्त की।
पुलिस टीमों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई। पुलिसकर्मियों ने बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोगों से भी सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी शुरू की है। पैदल गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने व्यापारियों और आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहें और यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखें।
पुलिस की ओर से बताया गया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अफवाह, संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही प्रमुख बाजारों और मार्गों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की सक्रियता से त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी तेज हो गई है।
Comments
Post a Comment