गौरव हत्याकांड पर महापंचायत में फूटा आक्रोश, बुलडोजर कार्रवाई और एक करोड़ की मदद की मांग


साहिल अंसारी

हथौड़े-राड से हत्या के वीडियो प्रसारित होने से लोगों में रोष, परिवार की सुरक्षा और बच्चों की निश्शुल्क शिक्षा समेत सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन; सोमवार तक कार्रवाई नहीं होने पर हाईवे जाम की चेतावनी

हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर आजमपुर में गौरव त्यागी हत्याकांड को लेकर शनिवार को हुई महापंचायत में लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया। पंचायत में हत्याकांड के आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, उनके घरों पर बुलडोजर चलाने, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग जोरशोर से उठाई गई। पंचायत के बाद अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार को जिलाधिकारी के नाम सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। इसमें गौरव की पत्नी को शस्त्र लाइसेंस देने और दोनों बच्चों की पढ़ाई निश्शुल्क कराने की मांग भी शामिल रही। लोगों ने चेतावनी दी कि सोमवार तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो हाईवे जाम कर आंदोलन किया जाएगा।

महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि गौरव की हत्या जिस तरह की गई, उससे समाज के लोगों में गहरा आक्रोश है। पंचायत में बताया गया कि गौरव पर हथौड़े और लोहे की राड से हमला किया गया और घटना से संबंधित वीडियो भी प्रसारित हुआ। लोगों का कहना था कि दिनदहाड़े हुई घटना के दौरान राहगीरों की मौजूदगी के बावजूद हमलावरों में किसी तरह का भय दिखाई नहीं दिया। इसको लेकर पंचायत में पुलिस और प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।

शस्त्र लाइसेंस की फाइल निरस्त होने का मुद्दा भी उठा

भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं किसान नेता मांगे राम त्यागी ने कहा कि गौरव ने जिला प्रशासन से शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन किया था, लेकिन उसकी फाइल निरस्त कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि यदि लाइसेंस मिल गया होता तो संभव है कि गौरव की जान बच जाती। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई करने और मुकदमे को जल्द अंजाम तक पहुंचाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाया जाएगा। साथ ही उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने की अपील की।

भाकियू (टिकैत) युवा विंग के जिलाध्यक्ष ज्ञानेश्वर त्यागी ने मोहम्मदपुर आजमपुर का नाम बदलकर गौरवनगर करने की मांग रखी। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। अन्य वक्ताओं ने कहा कि हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को मामले में तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए। पंचायत में मौजूद लोगों ने पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।

सात सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग

महापंचायत के बाद सौंपे गए सात सूत्रीय ज्ञापन में मांग की गई कि मुकदमा विचाराधीन रहने तक गौरव के परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। सरकार की ओर से परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। गौरव की पत्नी को शस्त्र लाइसेंस दिया जाए। दोनों बच्चों को किसी कान्वेंट स्कूल में निश्शुल्क शिक्षा दिलाई जाए। 12वीं के बाद दोनों बच्चों की स्नातक तक की पढ़ाई भी निश्शुल्क कराने की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा आरोपितों के घरों पर नियमानुसार बुलडोजर कार्रवाई और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का भरोसा

अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने कहा कि कानून के दायरे में रहकर जो भी सख्त कार्रवाई संभव होगी, वह की जाएगी। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि हत्याकांड को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। शासन और प्रशासन स्तर पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

महापंचायत में अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर, सीओ सिटी अनीता चौहान, थाना प्रभारी प्रवीण कुमार व पारस मलिक समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं निखिल त्यागी, मांगेराम त्यागी, अमित त्यागी, बबली त्यागी, योगेंद्र त्यागी, एसके त्यागी, चेतन कुमार, ज्ञानेंद्र त्यागी और आलोक त्यागी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पंचायत के दौरान लोगों ने कहा कि परिवार को न्याय और सुरक्षा मिलने तक वे प्रशासन के संपर्क में रहकर अपनी मांगें उठाते रहेंगे

Comments

Popular posts from this blog

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत