कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर एसपी ने ब्रजघाट में संभाला मोर्चा, रूट डायवर्जन, पार्किंग, घाट और सीसीटीवी व्यवस्था का लिया जायजा


संवाददाता

सोनू मसूदी

द्वितीय सोमवार पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, एसपी ने अधिकारियों को दिए मुस्तैदी से ड्यूटी के निर्देश

, गढ़मुक्तेश्वर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा और द्वितीय सोमवार को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर रविवार को पुलिस अधीक्षक ने गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के ब्रजघाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग से लेकर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से पड़ताल की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने रूट डायवर्जन, पार्किंग स्थलों और बैरिकेडिंग की व्यवस्था देखी। उन्होंने अधिकारियों से यातायात संचालन की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि कांवड़ियों की आवाजाही के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी कदम उठाने और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए गए।


इसके बाद एसपी ने स्नान घाटों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी ली। घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी जांची गई। एसपी ने निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और कैमरों के माध्यम से प्रमुख स्थानों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, द्वितीय सोमवार को ब्रजघाट में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था पर विशेष फोकस किया जा रहा है। पुलिस टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी।


Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत