शोध में मौलिकता को बनाएं अपनी पहचान, छात्राओं को सिखाए गए शोध परियोजना के बारीक गुर


साहिल अंसारी

हापुड़। आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को अंग्रेजी विभाग की ओर से शोध परियोजना विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। एथॉस साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समिति तथा संस्थान नवाचार परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में छात्राओं को शोध कार्य की पूरी प्रक्रिया, विषय चयन से लेकर शोध प्रविधि और संदर्भ सामग्री के उपयोग तक की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने शोध में मौलिकता बनाए रखने और साहित्यिक चोरी से बचने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. साधना तोमर तथा अन्य प्राध्यापिकाओं ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित और पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद मुख्य वक्ता डॉ. मीनू कश्यप ने छात्राओं को शोध परियोजना की उपयोगिता और उसके विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि शोध परियोजना कोई सामान्य लेखन कार्य नहीं, बल्कि सुनियोजित और वैज्ञानिक प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य किसी विशेष समस्या, विषय या प्रश्न का प्रमाणिक उत्तर तलाशना होता है। अकादमिक, वैज्ञानिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में शोध के माध्यम से नए तथ्य, सिद्धांत और समाधान सामने आते हैं। इसलिए शोधकर्ता के लिए विषय की स्पष्ट समझ के साथ सही दिशा में कार्य करना जरूरी है।

डॉ. मीनू कश्यप ने कहा कि अकादमिक शोध के लिए विषय का चयन सोच-समझकर किया जाना चाहिए। शोध शुरू करने से पहले विषय से संबंधित सामग्री का अध्ययन करने के साथ अनुक्रमणिका और संदर्भ ग्रंथ सूची तैयार करना भी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न शोध प्रविधियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि विषय की प्रकृति के अनुसार ही शोध की प्रविधि का चयन किया जाना चाहिए।

कार्यशाला में छात्राओं ने शोध कार्य से संबंधित कई सवाल पूछे। मुख्य वक्ता ने छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए शोध के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और उनके समाधान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने साहित्यिक चोरी यानी प्लेजरिज्म के विषय में विस्तार से समझाया। कहा कि शोध की विश्वसनीयता के लिए मौलिकता सबसे महत्वपूर्ण है। दूसरे स्रोतों से प्राप्त सामग्री का उचित संदर्भ देना चाहिए और किसी भी सामग्री को बिना स्रोत बताए अपने शोध का हिस्सा नहीं बनाना चाहिए।

प्राचार्या प्रो. साधना तोमर ने कहा कि शोध कार्य विद्यार्थियों में तार्किक सोच, विश्लेषण क्षमता और नए विचारों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्राओं से निष्ठा, अनुशासन और परिश्रम के साथ शोध परियोजना पूरी करने का आह्वान किया। कहा कि शोध में जल्दबाजी के बजाय प्रमाणिक तथ्यों और मौलिक चिंतन को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. अलका सिंह ने मुख्य वक्ता, प्राचार्या, प्राध्यापिकाओं और छात्राओं का आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में छात्राओं ने शोध से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं और इसे अपने अकादमिक कार्य के लिए उपयोगी बताया।

Comments

Popular posts from this blog

नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी और वरिष्ठ नेता श्रीपाल सिंह ने थामा भाजपा का दामन, दर्जनों समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल

गौरव हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा: कचहरी में सरेंडर करने पहुंचे दो दबोचे, मुठभेड़ में तीसरे के पैर में लगी गोली

जिला अस्पताल की शिकायतों पर भाकियू तोमर का अल्टीमेटम, 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत